सियासत/पॉलिटिक्स

सपा ने लोकबंधु राज नारायण की पुण्यतिथि पर दी विनम्र श्रद्धांजलि

नोएडा। समाजवादी पार्टी नोएडा ग्रामीण द्वारा समाजवादी पुरोधा लोकबंधु राजनारायण की 45वीं पुण्यतिथि सेक्टर-12 स्थित पार्टी कार्यालय में मनाई गई। ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव समेत पूरी टीम ने राज नारायण के को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।

सपा के ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र यादव ने कहा कि राज नारायण ने अन्याय के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सामने चुनाव लड़ा और हारने पर कोर्ट में चुनौती दी। इलाहाबाद कोर्ट ने इंदिरा गांधी की जीत को अवैध माना। 1977 में हुए चुनाव में राज नारायण ने इंदिरा गांधी को हराया। उन्होंने कहा कि राज नारायण बगावती तेवर के नेता थे, जिन्हें विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करने का हुनर आता था।

सपा प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने कहा कि राज नारायण ने गरीब, मजदूर, किसान, नौजवान की आवाज को हमेशा बुलंद किया। मौजूदा हालात में जहां सत्ता तानाशाहीपूर्ण रवैये से कार्य कर रही है, ऐसे में राज नारायण का व्यक्तित्व प्रासंगिक हो जाता है, जिन्होंने निरंकुश सत्ता पर लगाम लगाने का कार्य किया था। राज नारायण राजनीति में होते हुए भी एक संत की तरह थे। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाजवाद की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।

इस अवसर पर एडवोकेट आरपी यादव, उपाध्यक्ष फूल सिंह यादव , वीरपाल अवाना, बबलू चौहान, कोषाध्यक्ष संजय त्यागी, मजदूर सभा के अध्यक्ष अर्जुन प्रजापति, प्रदेश सचिव छात्र सभा प्रिंस यादव, सचिव मनोज प्रजापति, प्रदेश सचिव सांस्कृतिक प्रकोष्ठ राकेश यादव, अधिवक्ता सभा के अध्यक्ष नीतीश बैसोया आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *