सियासत/पॉलिटिक्स

कांग्रेस महाचिव प्रियंका गांधी के नोएडा दौरे से बदली चुनावी फिजां

– घर-घर जाकर प्रियंका ने किया पंखुड़ी पाठक को जिताने का आह्वान

नोएडा। उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े शहर नोएडा के लिए सोमवार को दिन बेहद खास रहा। कांग्रेस की महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने नोएडा विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक के लिए घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया और पंखुड़ी पाठक के लिए वोट मांगे। कांग्रेस के किसी बड़े नेता का बीते दो दशक में यह पहला दौरा था।

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक के साथ सेक्टर 26 स्थित कालीबाड़ी मंदिर में पूजा अर्चना की। उसके बाद उन्होंने सेक्टर 26 सामुदायिक भवन में विभिन्न समूहों, आशा बहनें, आंगनबाड़ी वर्कर्स, उद्योग से जुड़े लोगों, प्रोफेशनल, फ्लैट बायर्स एसोसिएशन से जुड़े लोगों, किसान, स्टार्टअप से जुड़ी महिलाओं और डूब क्षेत्र के लोगों के समूहों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को सुना।

मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि राजनीतिक दल सिर्फ घोषणा करते हैं कि वो सत्ता में आएंगे तो बड़ी संख्या में नौकरियां देंगे। लेकिन, यह कभी नहीं बताएंगे कि कैसे देंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार की जरूरत है। इसीलिए हम युवाओं के लिए यूपी में भर्ती विधान लेकर आएं हैं, जिसमें लिखा है कि कब और कैसे नौकरी देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को छोड़कर कोई भी दल रोजगार की बात ही नहीं करते हैं। जनता को सत्ता में बैठे नेताओं की जिम्मेदारी तय करनी होगी कि पांच साल तक उन्होंने क्या किया।

प्रियंका गांधी ने सत्ता को निशाने पर लिया और कहा कि वह सिर्फ धर्म व जाति की बात करते प्रदेश के लोगों को गुमराह करते हैंं। लेकिन, वे अब अब जनता से झूठे वादे कर निकल नहीं सकते। उन्होंने कहा कि सुनने में आया है कि यहां के विधायक लोगों के फोन तक नहीं उठाते हैं, तो समस्या हल करना तो दूर की बात है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक कोरोना काल से ही नोएडा के लोगों की सेवा करती आ रहीं हैं। लोगों की एक फोन कॉल पर हाजिर होती हैं। ऐसे में नोएडा के लोगों को अपना ऐसा ही जनप्रतिनिधि चुनना चाहिए।

बाद में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने नोएडा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार पंखुड़ी पाठक के लिए सेक्टर 8, 12 और सेक्टर 72 में डोर टू डोर जनसंपर्क किया और नोएडा के निवासियों से निवेदन किया कि उन्हें पंखुड़ी पाठक को अपनी आवाज बनाकर विधानसभा में चुनकर भेजना है। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने सड़क पर बैठकर एक विकलांग की भी समस्याएं सुनी और उसकी समस्याओं को तत्काल दुरुस्त करने का वचन दिया। जनसंपर्क के दौरान नोएडा के सभी कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *